मेरठ। मेरठ के लोहियानगर क्षेत्र में दुल्हन ने शादी के अगले ही दिन सास को कमरे में बंद कर जेवर लेकर फरार हो गई। तीन बिचौलियों ने युवक से शादी तय करने के लिए 1.05 लाख रुपये लिए थे। पीड़ित ने दुल्हन और तीनों बिचौलियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर पुलिस से रुपये और जेवर वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
लोहियानगर एल-ब्लॉक निवासी अमित शर्मा ने थाने में दी तहरीर में बताया कि 15 अप्रैल को उसकी कोर्ट मैरिज हरिद्वार में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के गांव सतपुली निवासी सोनाक्षी से हुआ था।
बिचौलिया जनता कॉलोनी शास्त्रीनगर निवासी रानी, नितिन उर्फ लव और मलियाना निवासी बंटी के माध्यम से यह शादी हुई थी। इन तीनों ने शादी कराने के नाम पर 1:05 लाख रुपये उससे लिए थे। सोनाक्षी को सोने का मंगलसूत्र, चांदी के बिछुवे और पायल उन्होंने शादी में चढ़ाई थी। शादी के बाद उसी दिन रात करीब 8:30 बजे वह घर आ गए थे। अगले दिन वह और उसके पिता अपने काम पर चले गए।
करीब साढ़े 11 बजे उसकी मां का फोन आया कि सोनाक्षी घर से भाग गई। वह घर पहुंचे तो देखा कि सोनाक्षी उसकी मां कमरे में बंद करके जेवर लेकर भाग चुकी थी। उसकी मां ने शोर मचाकर पड़ोसियों से गेट खुलवाया। मां के हाथ छाले भी पड़ गए।
अमित ने अपने पिता के साथ सोनाक्षी को बस और रेलवे स्टैंड पर काफी देर तक तलाश किया, लेकिन वह नहीं मिली। उन्होंने मुख्य बिचौलिया रानी को फोन किया तो उसने आश्वासन दिया कि हम तीनों मिलकर तुम्हारे रुपये दे देंगे, लेकिन आरोपियों ने कुछ नहीं दिया। अब फोन उठाना भी बंद कर दिया। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post