मुजफ्फरनगर। शहर के कल्याणपुरी इलाके में रहने वाली भाजपा की महिला सभासद ममता बालियान इन दिनों अपने पड़ोसी के आतंक से बेहद परेशान हैं। सभासद का आरोप है कि पड़ोसी लगभग हर दिन उनसे झगड़ा करती है, गाली-गलौज करती है और उनकी गाड़ी पर ईंट-पत्थर फेंककर तोड़फोड़ भी कर चुकी है। इतना ही नहीं, जान से मारने की धमकी भी दी गई है।
मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब सभासद की बार-बार शिकायत के बावजूद स्थानीय पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अंततः वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय वर्मा के हस्तक्षेप के बाद ही आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो पाया।
सभासद ममता बालियान, जो नगरपालिका परिषद के वार्ड 18 से निर्वाचित हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पड़ोसन मोना पुत्री अजीत सिंह कुछ समय से अकेले रह रही है और उसका व्यवहार संदिग्ध है। वह अक्सर मोहल्ले में झगड़े करती रहती है।
4 सितम्बर को जब ममता के घर पर मकान की मरम्मत का काम चल रहा था, तभी मोना वहां पहुंची और मिस्त्रियों के साथ अभद्रता करने लगी। इतना ही नहीं, उसने हाथ में ईंट उठाकर मारने की धमकी भी दी। यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया।
शिकायत के अनुसार, अगले ही दिन 5 सितम्बर की सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच मोना ने अपनी छत से ममता की कार पर ईंट और पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इससे कार के आगे और पीछे के शीशे टूट गए और गाड़ी की छत भी क्षतिग्रस्त हो गई।
इसके बाद भी मोना नहीं मानी और दोबारा घर के सामने आकर कार पर पत्थर फेंके और धमकियां दीं।
ममता बालियान ने 4 और 5 सितम्बर को दो बार थाने जाकर तहरीर दी, यहां तक कि डायल 112 पर कॉल कर मौके पर पहुंची पुलिस को भी शिकायत सौंपी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस मामले को लगातार टालती रही।
आखिरकार, 10 सितम्बर को ममता बालियान ने एसएसपी संजय वर्मा से मिलकर लिखित शिकायत दी। एसएसपी के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने आरोपी मोना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
सभासद का कहना है कि उनकी और उनके परिवार की जान को खतरा है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।










Discussion about this post