मुजफ्फरनगर। जिले के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के बड़ौत रोड पर गन्ने से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और चार कारों व दो मोटरसाइकिलों को रौंदकर क्षतिग्रस्त कर दिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक मैकेनिक की दुकान पर खड़ी कारों व मोटरसाइकिलों से टकरा गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई। दुकान पर काम कर रहे मैकेनिक व अन्य लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रॉली को हटवाया तथा राहत कार्य शुरू किया।
बुढ़ाना थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है। पुलिस ने कहा है कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि अनियंत्रित ओवरलोड ट्रालियां आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रही हैं और प्रशासन को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।











Discussion about this post