मुजफ्फरनगर। एक टीवी चैनल पर बहस में समाजवादी पार्टी की लोकसभा सांसद डिंपल यादव के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से मामला गरमा गया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सपा के जिला उपाध्यक्ष शमशेर मलिक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को शिकायती पत्र सौंपकर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, टीवी डिबेट में शामिल तथाकथित मौलाना साजिद रशीदी ने डिंपल यादव के खिलाफ अभद्र और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया था। इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और आम लोग काफी आहत और गुस्से में हैं।
सपा नेता शमशेर मलिक ने SSP से आग्रह किया है कि साजिद रशीदी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराएं 294 (अश्लीलता), 504 (अपमान), 505 (फर्जी अफवाह फैलाना), 509 (महिला की इज्जत को ठेस पहुँचाना) और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाए।
शमशेर मलिक ने कहा, “मौलाना ने टीवी डिबेट के दौरान सपा सांसद डिंपल यादव के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि साजिद रशीदी मुजफ्फरनगर में आता है, तो हम उसे जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं ताकि वह आगे किसी बहन-बेटी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने से पहले सोचें।”










Discussion about this post