मुज़फ़्फ़रनगर : मुजफ्फरनगर में हरियाणा के किसान नेता और ऑल इंडिया जाट महासभा के राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों जाट समर्थकों ने सनी देओल की नई रिलीज फिल्म ’जाट’ देखने के लिए अनोखा उत्साह दिखाया। गुड़ मंडी में एकत्र होने के बाद समर्थक पैदल ही भोपा रोड पर स्थित ग्रांड प्लाजा के सिनेमाघर पहुंचे। इस दौरान जुलूस में आगे-आगे जनरेटर लेकर एक ट्रैक्टर चल रहा था, जबकि पीछे डीजे की धुनों पर सनी देओल के समर्थक उत्साह के साथ नाचते-गाते चले।
ऑल इंडिया जाट महासभा की कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों के आह्वान पर जाट समाज समेत सनी देओल के समर्थक मंडी में एकत्र हुए थे। सभी ने इस मौके पर फिल्म का आनंद लिया। युद्धवीर सिंह ने फिल्म देखने से पूर्व कहा कि “हमें महसूस हो रहा है कि इस मूवी के कलाकार हमारे बीच के हैं। ये फिल्म हमारी संस्कृति और पहचान को दर्शाती है।“
आपको बता दें कि किसान नेता युद्धवीर सिंह हाल ही में वैश्य समाज को लेकर दिए गए अपने एक विवादित बयान के कारण चर्चा में रहे थे। उनके बयान पर चौतरफा विरोध के बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। इस घटना के बावजूद, मुजफ्फरनगर में उनके समर्थकों का उत्साह कम नहीं हुआ और उन्होंने सनी देओल की फिल्म को देखने के लिए जमकर उत्सव मनाया।











Discussion about this post