मुजफ्फरनगर। जिले के खतौली थाने के पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय में बीती रात भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने चारपाई बिछा दी और थाने में ही भट्टी पर खाना बनाना शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक दो दिन पहले खतौली में छात्रों को बोर्ड परीक्षा का प्रश्नपत्र गलत तरीके से दे दिया गया था। इसकी जानकारी मिलने पर जब छात्रों के परिजनों ने इसका विरोध किया और सड़क पर बैठकर धरना शुरू कर दिया तो उनकी सूचना पर किसान यूनियन के कार्यकर्ता भी उनका साथ देने के लिए धरने पर आ गए। खतौली थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा ने वहां पहुंचकर अभिभावकों और किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं से अभद्रता की और उन्हें धरने से हटा दिया।
उन्होंने कहा कि वह उनका डंडे से मारकर इलाज करेंगे। इसके विरोध में बीती रात किसान यूनियन के सैकड़ों कार्यकर्ता किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष नवीन राठी के नेतृत्व में खतौली थाने पहुंचे और थाने में ही धरना शुरू कर दिया। किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने थाने में ही भट्टी लगाकर खाना बनाना शुरू कर दिया और कोतवाल के कमरे में चारपाई बिछाकर रात्रि विश्राम भी किया।
खतौली सीओ रामाशीष यादव ने किसान यूनियन कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया तो उन्होंने कुछ भी सुनने से इंकार कर दिया और कहा कि 72 घंटे तक धरना जारी रहेगा और उसके बाद ही कोई वार्ता होगी।
किसान यूनियन नेताओं का आरोप है कि जिले में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। कहीं भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खतौली थाने में कोतवाल के कमरे में किसान यूनियन की चारपाई बिछाए जाने पर जिले में हड़कंप मच गया। इसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग के अधिकारियों ने किसान यूनियन के वरिष्ठ नेताओं से संपर्क किया, जिसके बाद सीओ द्वारा खेद जताए जाने पर किसान यूनियन ने धरना समाप्त कर दिया।
किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष नवीन राठी ने कहा कि यदि कोई अधिकारी किसानों, छात्रों या अन्य आमजन से अभद्रता करता है तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल वरिष्ठ नेताओं के आदेश पर यह धरना समाप्त किया जा रहा है।











Discussion about this post