मुज़फ्फरनगर। ककरौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और कुख्यात डी-70 गैंग के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में गैंग लीडर समेत दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाशों के कब्जे से हथियार, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि अभी हाल ही में जेल से छूटे दो शातिर बदमाश भोपा सर्कल में सुनार की दुकान में लूट की योजना बना रहे हैं। जानकारी के अनुसार, इन दोनों बदमाशों ने कुछ दिन पहले उक्त दुकान की रेकी भी की थी। इसके बाद से पुलिस टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही थी।
जैसे ही पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों को गोली लगी। पकड़े गए बदमाशों की पहचान साबू उर्फ शहाबुद्दीन और विजय उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है। दोनों मेरठ जिले के थाना दौराला क्षेत्र के निवासी हैं और कई आपराधिक मामलों में वांछित थे।
एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि विजय उर्फ गुड्डू डी-70 गैंग का सक्रिय सदस्य है और उस पर थाना दौराला में संगठित अपराध से संबंधित मुकदमा दर्ज है। दोनों बदमाशों पर हत्या, लूट, डकैती जैसे संगीन अपराधों के 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक तमंचा, कारतूस के खोखे और एक बाइक बरामद की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों अपराधियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।










Discussion about this post