बिजनौर। एक सनसनीखेज मामले में शेरकोट के एक मोहल्ले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक महिला ने अपने पति द्वारा 15 हजार रुपये में बेचे जाने की जानकारी मिलने पर खरीदारों को खदेड़ दिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी पति और खरीदार युवक मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी के अनुसार, नगर के एक मोहल्ला निवासी युवक ने अपनी पत्नी को 15 हजार रुपये में दो युवकों को बेच दिया था। सोमवार को वह दोनों युवक बाइक पर महिला के घर पहुंचे और उससे कहा कि उसका पति उसे बेच चुका है और अब वह उनके साथ चले। यह सुनते ही महिला हैरान रह गई और उसने तुरंत पुलिस को फोन कर दिया।
महिला की सतर्कता के चलते दोनों युवक मौके से भाग निकले। शोरगुल सुनकर आस-पास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। कुछ ही देर में पुलिस भी पहुंच गई, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
महिला ने इस पूरे मामले की लिखित तहरीर पुलिस को सौंप दी है। जांच में यह बात सामने आई है कि महिला आरोपी की पांचवीं पत्नी है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी व्यक्ति इससे पहले चार और महिलाओं को पत्नी बनाकर ला चुका है, लेकिन वे चारों कहां हैं, यह अभी जांच का विषय बना हुआ है।
थानाध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि इस संबंध में फिलहाल थाने में कोई औपचारिक सूचना दर्ज नहीं की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।











Discussion about this post