मुजफ्फरनगर। रविवार दोपहर उत्तर प्रदेश के मुज़फ़्फ़रनगर थाने के पास नबलती चौक पर उस समय विवाद हो गया जब एक ट्रैफ़िक अधिकारी ने गलत दिशा में जा रही एक अर्टिगा कार में सवार लोगों को रोका। रोके जाने से गुस्साए लोगों ने अधिकारी ज़मीन अली के साथ मारपीट की और उनकी वर्दी भी फाड़ दी।
इस घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने यह पूरा वाकया अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाल बबलू कुमार वर्मा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुँचे, लेकिन तब तक आरोपी कार को लॉक करके मौके से फरार हो चुके थे।
पुलिस ने देखा कि कार के अंदर एक तकरीबन 4 वर्षीय बच्ची सोई हुई थी, जिसके चलते पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार का शीशा तोड़कर बच्ची को सकुशल बाहर निकाला। अधिकारियों का मानना है कि समय रहते बच्ची को बाहर न निकाला जाता तो उसकी जान पर भी बन सकती थी।
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि रविवार शाम कोतवाली नगर क्षेत्र के नवलटी चौक चौराहे पर राँग साइड से आ रही एक गाड़ी को ट्रैफिक पुलिस द्वारा रोका गया था। गाड़ी सवार युवकों ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ बदतमीजी, अभद्रता और मारपीट की।
बताया कि पुलिस ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए कठोर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। उन्होंने पुष्टि की कि गाड़ी को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और गाड़ी मालिक के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। अभद्रता करने वाले अभियुक्तों के नाम भी प्रकाश में आ गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी गई है और शीघ्र ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।











Discussion about this post