मुजफ्फरनगर। भाई दूज के मौके पर रोडवेज बसों और ट्रेनों में भारी भीड़ रही। भीड़ के चलते यात्रियों को निजी वाहनों के पायदानों पर लटककर अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ी। शामली, चरथावल रोड और खतौली में कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही।
रोडवेज के मुजफ्फरनगर डिपो ने भैया दूज पर्व के लिए 50 बसों के दो-दो फेरे बढ़ाए थे। इसके बावजूद यात्रियों को काफी देर तक बसों का इंतजार करना पड़ा। दूरस्थ स्थानों पर जाने वाली कई बसों को लोकल क्षेत्र में चलाया गया। दिल्ली, देहरादून, शामली, बड़ौत, बुढ़ाना, बिजनौर मार्गों पर यात्रियों की भीड़ रही। नगर के शामली व चरथावल रोड पर सुबह से ही जाम के हालात रहे। यहां वाहन सवार लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
एआरएम प्रभात कुमार सिन्हा ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए रामपुर तिराहा, राना चौक, बरला, पुरकाजी, मंसूरपुर में रोडवेज कर्मचारियों को तैनात किया था, ताकि पीछे से आ रही बसों में यात्रियों को सवार कराया जा सके।
उधर, ट्रेनों में भी भारी भीड़ रही और ट्रेनों में चढ़ने के लिए यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। रेलवे स्टेशन पर लाउडस्पीकर से सावधानीपूर्वक ट्रेन में चढ़ने के लिए अनाउंस किया जा रहा। रेलवे स्टेशन अधीक्षक पवन कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर कर्मचारियों की डयूटी लगाई थी।
देहात के संपर्क मार्गोँ पर बसों की कमी से डग्गामार वाहन चालकों ने खूब कमाई की। बुढ़ाना, शाहपुर, चरथावल आदि मार्ग पर जीप, टाटा मैक्स आदि डग्गामार वाहनों की छतों पर बैठकर व पायदान पर लटक कर जान जोखिम में डाल कर यात्री गंतव्य तक पहुंचे।











Discussion about this post