मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) द्वारा 10 जुलाई को प्रस्तावित रामपुर तिराहा हाईवे जाम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन से मिले आश्वासन के बाद यह फैसला लिया गया, जिसमें दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और किसानों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की बात कही गई थी।
गौरतलब है कि भाकियू (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने 19 जून की घटना में किसानों पर लाठीचार्ज और फर्जी मुकदमों के विरोध में हाईवे जाम का ऐलान किया था। लेकिन कांवड़ मेले की गंभीरता को देखते हुए संगठन ने प्रशासन के आग्रह और आश्वासन के बाद आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया।
सोमवार को रामपुर तिराहा स्थित संगठन के राष्ट्रीय कार्यालय पर एसडीएम सदर निकिता शर्मा और सीओ सदर देवव्रत वाजपेयी ने संगठन पदाधिकारियों से मुलाकात कर तीन प्रमुख मांगों पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान भाकियू (तोमर) की ओर से तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया—
- 19 जून के लाठीचार्ज में शामिल दोषी पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित किया जाए।
- किसानों पर दर्ज फर्जी मुकदमों को तत्काल रद्द किया जाए।
- भाकियू (तोमर) की तहरीर पर दोषी पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज किया जाए।
प्रशासन की ओर से यह भरोसा दिलाया गया कि कांवड़ मेले के बाद इन सभी मांगों पर ठोस और पारदर्शी कार्रवाई की जाएगी।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने कहा कि भाकियू (तोमर) देश की सांस्कृतिक परंपरा कांवड़ मेले को सम्मान की दृष्टि से देखता है और इसकी सफलता में सदैव सहभागी रहा है। उन्होंने चेताया कि यदि प्रशासन ने आंदोलन को हल्के में लिया और आश्वासन पर अमल नहीं किया, तो कांवड़ मेले के बाद एक बड़ा जनांदोलन छेड़ा जाएगा, जिसकी ज़िम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर संगठन की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन त्यागी, जिला अध्यक्ष निखिल, प्रदेश अध्यक्ष रिहान, युवा विंग प्रदेश अध्यक्ष अंकित गुर्जर, कार्यकारिणी प्रदेश अध्यक्ष महबूब बालियान, अजय त्यागी, मोहम्मद साजिद, चंदन त्यागी, हसीर, शहजाद मलिक, हनी चौधरी, नौशाद, सोनू, सादिक, दीपक तोमर, शकील आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।










Discussion about this post