रटौल। खट्टा प्रहलादपुर गांव में खेत में काम करने जा रहे किसान धर्मपाल (55) का ट्रैक्टर सामने से आ रही कार से बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पूर्वी यमुना नहर में पलट गया। दोनों डेढ़ घंटे तक ट्रैक्टर के नीचे फंसे रहे। किसान धर्मपाल की दबने से मौत हो गई, जबकि उसका साथी बंटी घायल हो गया। घायल बंटी का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
खट्टा प्रहलादपुर गांव निवासी किसान धर्मपाल रविवार की सुबह ट्रैक्टर लेकर खेत में काम करने जा रहा था। रास्ते में गांव का ही बंटी मिला, जो लिफ्ट लेकर ट्रैक्टर में बैठ गया। तभी सामने से आ रही कार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पूर्वी यमुना नहर में पलट गया। इस हादसे में किसान धर्मपाल और बंटी ट्रैक्टर के नीचे दब गए।
हादसा होते ही राहगीर, किसान और सेठ तारीफ सिंह जैन डिग्री कॉलेज के छात्र दौड़ पड़े। ईंट भट्ठे से जेसीबी मंगवाकर ट्रैक्टर बाहर निकाला गया और उसके बाद दोनों घायलों को बाहर निकाला। घायलों को लेकर परिवार वाले टटीरी के निजी अस्पताल में पहुंचे, जहां से दोनों को रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही घायल किसान धर्मपाल की मौत हो गई।
धर्मपाल अविवाहित थे और चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। उधर, घायल बंटी का बागपत के निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, परिवार वाले बिना पोस्टमार्टम के शव लेकर चले गए। चांदीनगर पुलिस ने घटना की जानकारी होने से इन्कार किया।











Discussion about this post