मुजफ्फरनगर। पुलिस ने फुगाना थाना क्षेत्र के लोई गाँव में जन्मदिन समारोह के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर हॉर्न और सायरन बजाने और फिर दिखावे के लिए वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने के मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने वीडियो में दिखाई गई पहचान के आधार पर तीन नामजद युवकों को गिरफ्तार कर लिया है और कानून के अनुसार उनके वाहन ज़ब्त कर लिए हैं।
पुलिस को सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो प्राप्त हुआ था। इस वीडियो में ग्राम लोई निवासी सारिक के जन्मदिन पर कुछ युवक एक जुलूस निकालते हुए दिखाई दे रहे थे। ये युवक हूटर और सायरन बजाते हुए सार्वजनिक रूप से हुड़दंग मचा रहे थे, जिसका वीडियो बाद में खुद ही ‘शो-ऑफ’ करने के इरादे से सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था।
फुगाना पुलिस ने तत्काल इस वीडियो का संज्ञान लिया और जांच शुरू की। जांच में पुष्टि होने पर फुगाना पुलिस और एंटी रोमियो स्क्वायड की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम लोई निवासी मौनीस (19), बिलाल (21) और सारिक (20) को गिरफ्तार किया। हुड़दंग में इस्तेमाल की गई एक कार और दो मोटरसाइकिलों को भी पुलिस ने सीज कर लिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी फुगाना रुपाली राय और प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह के निर्देशन में की गई। पुलिस ने युवाओं को साफ चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। युवाओं को ‘शो-ऑफ’ के चक्कर में कानून का उल्लंघन न करने की अपील भी की गई है।











Discussion about this post