जलालाबाद। उमरपुर गाँव में कल रात उस समय तनाव फैल गया जब अज्ञात बदमाशों ने भीम आर्मी (आज़ाद समाज पार्टी) के होर्डिंग फाड़ दिए। पार्टी कार्यकर्ताओं ने ये होर्डिंग भीम आर्मी के संस्थापक और पार्टी अध्यक्ष, लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आज़ाद के 27 अक्टूबर को थाना भवन आगमन के प्रचार के लिए लगाए थे। उपद्रवियों ने इन्हें फाड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष अनुज भारती सैकड़ो कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे।उन्होंने शरारती तत्वों के इस कार्य को सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास बताया और थानाभवन पुलिस से दोषियो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर जलालाबाद चौकी प्रभारी पवन उपाध्याय पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांत रहने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर दोषियो के खिलाफ शीघ्र ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा इस तरह की घटना होती है या दोषियो पर कार्रवाई नही की गई तो जल्दी ही एक बड़े आंदोलन की रूप रेखा तैयार की जायेगी। फिलहाल गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।











Discussion about this post