मुजफ्फरनगर। शहर में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप और इसके परिणामस्वरूप फैलने वाली बीमारियों को लेकर एंटी करप्शन टीम ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। गुरुवार को टीम के सदस्यों ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (EO) को एक ज्ञापन सौंपकर तत्काल फॉगिंग कराने और सभी वार्डों में कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव करने की मांग की।
एंटी करप्शन टीम के जिलाध्यक्ष विक्की चावला के नेतृत्व में पदाधिकारी नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को दिए ज्ञापन में कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है, जिससे आम नागरिक, विशेषकर बच्चे और बुजुर्ग, बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पूरे शहरी क्षेत्र के सभी वार्डों में तत्काल प्रभाव से फॉगिंग कराई जानी चाहिए ताकि नागरिकों को मच्छरों के आतंक से निजात मिल सके।
झांसी की रानी पार्क की दुर्दशा पर भी उठाए गंभीर सवाल-
मच्छरों के नियंत्रण की मांग के साथ ही, टीम ने शहर के ऐतिहासिक झांसी की रानी पार्क की सफाई व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए।
पदाधिकारियों ने कहा कि पार्क में गंदगी का अंबार लगा हुआ है और वहाँ स्थित शौचालय की हालत अत्यंत दयनीय है। इस दुर्दशा के कारण पार्क में आने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
एंटी करप्शन टीम ने मांग की है कि पार्क और शौचालय की नियमित रूप से सफाई के लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों को नियुक्त किया जाए ताकि पार्क की स्वच्छता और सौंदर्य बना रहे।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष विक्की चावला के साथ जिला उपाध्यक्ष संजय गोस्वामी, जिला महामंत्री मौहम्मद नदीम अंसारी, जिला सचिव रविकांत, विपिन सिंघल, संजय चावला, संजय गुप्ता और अन्य कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। अब देखना यह है कि नगर पालिका प्रशासन मच्छरों के प्रकोप और पार्क की दुर्दशा पर क्या तत्काल कदम उठाता है।










Discussion about this post