मुज़फ्फरनगर। थाना बुढ़ाना क्षेत्र के गांव टांडा माजरा निवासी भोपाल सिंह ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाते हुए अपनी पुत्रवधू कविता पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
भोपाल सिंह ने बताया कि उनका बेटा संजय अपनी दूसरी पत्नी कविता के साथ अलमासपुर स्थित सैनिक विहार में रहता था। संजय की दूसरी शादी करीब छह साल पहले राधना गांव की कविता से हुई थी। पिता के अनुसार संजय और कविता के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे।
पीड़ित का आरोप है कि कविता संजय से संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रही थी और इसी विवाद के चलते उसकी हत्या कर दी गई। भोपाल सिंह ने बताया कि संजय की मौत की सूचना उनके पोते ने दी थी। जब वे मौके पर पहुंचे, तो संदिग्ध परिस्थितियों में संजय मृत मिला।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के अनुसार संजय के गले की हड्डी टूटी हुई थी और उसके शरीर पर पांच जगह चोट के निशान भी पाए गए हैं।
भोपाल सिंह का कहना है कि उन्होंने मंडी थाना पुलिस में कविता के खिलाफ तहरीर दी थी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज हो चुका है, लेकिन पुलिस ने अभी तक उसे गिरफ्तार नहीं किया है। उन्होंने बताया कि एक बार पुलिस कविता को थाने लेकर गई थी, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया।
भोपाल सिंह ने मांग की है कि उनकी पुत्रवधू को तुरंत गिरफ्तार कर मामले की निष्पक्ष जांच की जाए ताकि उन्हें न्याय मिल सके।










Discussion about this post