मुज़फ्फरनगर। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क और सक्रिय है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कांवड़ शिविर संचालकों के साथ अहम बैठक की। बैठक का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना था।
बैठक में डीएम उमेश मिश्रा ने स्पष्ट किया कि सभी शिविरों के लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है। शहरी क्षेत्र में नगर मजिस्ट्रेट और ग्रामीण क्षेत्र में संबंधित उप जिलाधिकारी से अनुमति ली जाएगी। उन्होंने शिविरों में साफ-सफाई, पेयजल, टॉयलेट, फायर सेफ्टी, सीसीटीवी कैमरे, कवर की गई विद्युत वायरिंग और आईडी कार्ड जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही प्लास्टिक के प्रयोग से बचने की अपील की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने शिविर संचालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित कर दी गई है। अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की हिदायत दी गई।
अधिशासी अभियंता विद्युत ने बताया कि शिविरों के लिए बिजली कनेक्शन “झटपट पोर्टल” पर आवेदन करने से एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध हो जाएगा। इस बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेन्द्र कुमार, एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्रीय अधिकारी, उप जिलाधिकारी और विभिन्न कांवड़ शिविर संचालक मौजूद रहे।










Discussion about this post