मुजफ्फरनगर। भोपा इलाके के कसौली गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दहेज के भूखे ससुराल वालों पर आरोप है कि उन्होंने अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता की गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतका के परिजनों ने हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, जिसके आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
भोपा थाना इलाके के कसौली गांव में विवाहिता हिना की मौत से हड़कंप मच गया। मृतका के परिजन जब गांव पहुंचे तो उन्होंने हत्या पर काफी गुस्सा जताया। इस मामले में जानसठ थाना इलाके के पिमोरा गांव निवासी अनस ने भोपा थाने में मामला दर्ज कराया है।
तहरीर के अनुसार, अनस ने अपनी बहन हिना की शादी अपनी बुआ के लड़के खुशनसीब पुत्र इंतजार, निवासी कसौली, से बीते 21 मई, 2023 को की थी। शादी में उन्होंने घरेलू सामान के अलावा आठ लाख रुपए नगद दिए थे। आरोप है कि शादी के बाद से ही हिना का पति, सास, ससुर, जेठ और देवर 21 लाख रुपये के अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार तंग और परेशान करते थे, और कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई।
परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर शनिवार की रात हिना के साथ गंभीर रूप से मारपीट की गई और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद हिना के देवर ने कथित तौर पर भाई के ससुरालजनों यानी मृतका के मामा को भाभी हिना की हत्या कर देने की सूचना दी। सूचना मिलते ही मृतका के परिजन सुबह करीब तीन बजे कसौली पहुंचे, जहाँ हिना का शव कमरे के बाहर जमीन पर पड़ा हुआ था। हिना के शरीर, चेहरे और गले पर चोटों के निशान थे। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज,क्षेत्राधिकारी (सीओ) देवव्रत वाजपेयी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतका के भाई अनस की तहरीर के आधार पर कुल पाँच आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
दर्ज आरोपी:
खुशनसीब (पति)
फरजाना (सास)
इंतजार (ससुर)
उन्नाव (जेठ)
वारिस (देवर)
सीओ ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं और उन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











Discussion about this post