मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को बाइक की मामूली साइड लगने से एक कांवड़ खंडित गई, जिस पर गुस्साए कांवड़ यात्रियों ने दूसरे समुदाय के एक युवक की बीच सड़क पर पिटाई कर दी।
घटना कोतवाली के ठीक सामने शिव चौक की है, जहां एक दर्जन कांवड़िये लाठियां लेकर युवक को पीटते रहे। बाजार में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला और कांवड़ खंडित करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही हरिद्वार से दोबारा गंगाजल लाने के लिए पुलिस टीम भेजी गई है।
दिल्ली निवासी शिवभक्त रोशन अपने 8-10 साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकले थे। सोमवार को जब वह मुजफ्फरनगर के शिव चौक पहुंचे, तभी एक मुस्लिम युवक अपनी पल्सर बाइक से निकला और कथित रूप से कांवड़ियों से टकरा गया। इस टक्कर में एक कांवड़ खंडित हो गई, जिस पर सभी कांवड़िये भड़क उठे और युवक को घेरकर बीच सड़क पर पीटना शुरू कर दिया।
कांवड़ियों की इस हरकत से बाजार में हड़कंप मच गया। लाठियों से लैस कांवड़ियों की इस हरकत से आम लोग सहम गए। घटना स्थल शहर कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर था, लिहाजा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कांवड़ियों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
घटना के बाद पुलिस ने बाइक सवार मुस्लिम युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही खंडित हुई कांवड़ के स्थान पर नया गंगाजल लाने के लिए हरिद्वार रवाना किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी (सिटी) राजू कुमार साव ने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं है, चाहे वह किसी भी समुदाय से हो। सभी पक्षों पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।










Discussion about this post