मुजफ्फरनगर। बरला-बसेड़ा मार्ग पर शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की तीन वारदातों को अंजाम दिया। वैगनआर कार सवार तीन बदमाशों ने अलग-अलग स्थानों पर बाइक सवारों को रोककर नकदी, मोबाइल और जरूरी कागजात लूट लिए। जब पीड़ितों ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनकी बेरहमी से पिटाई की और उनके कपड़े भी फाड़ दिए।
पहली वारदात गांव बसेड़ा निवासी पोपीन के साथ हुई, जिससे बदमाशों ने हथियार के बल पर नकदी, मोबाइल और दस्तावेज लूट लिए। जब पोपीन ने विरोध किया तो उसकी जमकर पिटाई की गई और कपड़े तक फाड़ दिए गए।
दूसरी घटना नगला दुहेल्ली निवासी असलम के साथ घटी, उससे भी बदमाशों ने लूटपाट कर मोबाइल और नगदी छीन ली। तीसरी वारदात में ताजपुर निवासी एक किसान से मोबाइल और रुपये छीने गए। पीड़ित ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही बदमाश फरार हो चुके थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ितों ने बरला पुलिस चौकी पहुंचकर तहरीर दी। सदर सीओ देवदत्त वाजपेई ने बताया कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। लूट में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार का नंबर ट्रेस कर लिया गया है और पुलिस टीम बदमाशों के करीब पहुंच चुकी है। जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
एक ही दिन में तीन लूट की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और लुटेरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है। यह घटना न केवल पुलिस के लिए चुनौती बन गई है बल्कि आम लोगों के लिए भी एक बड़ा चिंता का विषय बन चुकी है।










Discussion about this post