मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस पर एक बड़ा विवाद सामने आया। जानसठ रोड स्थित मोहल्ला कंबलवाला बाग में रहने वाले एक व्यक्ति के घर पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें सुशील मूंछ के नाम से धमकाया और डीएम व एसएसपी के नाम पर अभद्रता की। घटना के बाद से परिवार दहशत में है।
पीड़ित अरुण धीमान पुत्र धन प्रकाश धीमान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 अगस्त की शाम वह घर के बाहर बैठा था। तभी संजू बालियान पुत्र ईश्वर सिंह आया और धमकी दी। अरुण के अनुसार, संजू पहले भी 5 अगस्त को व्हाट्सएप कॉल कर धमका चुका था।
जैसे ही अरुण किसी कार्य से घर से बाहर गया, आरोपी अपने साथियों को लेकर उसके घर पर पहुंचा। आरोप है कि संजू बालियान अपने साथ तन्नू और मन्नू पुत्र सुनील बालियान तथा दीपक बालियान पुत्र प्रमोद बालियान निवासी अलमासपुर चौराहा को साथ लाया। सभी हथियारों से लैस थे और घर में घुसकर परिवार के साथ गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित अरुण का कहना है कि वह शुकतीर्थ स्थित शुकदेव आश्रम में सेवा करता है और इसी रंजिश के चलते आरोपी उससे दुश्मनी रखते हैं। आरोप है कि हमलावरों ने धमकी देते समय सुशील मूंछ का नाम लिया और डीएम व एसएसपी का नाम लेकर भी अभद्रता की।
नई मंडी थाने के एसएचओ दिनेश बघेल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।










Discussion about this post