मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के आनंदपुरी मोहल्ला निवासी नरेश कुमार ने भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के स्थानीय नेता शहजाद पर 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने सहारनपुर के डीआईजी को प्रार्थना पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, नरेश कुमार हरिद्वार-मेरठ एनएच-58 पर बागोवाली चौक के पास ‘छोले-कुलचे’ का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में फलावदा निवासी इसरार ने उनके ठेले के पास फल का ठेला लगाना शुरू कर दिया, जिससे उनके ग्राहकों में कमी आ गई। इसी विवाद के बीच भाकियू नेता शहजाद ने सड़क चौड़ीकरण का हवाला देकर पहले उनका ढाबा हटवा दिया और फिर दोबारा ठेला लगवाने के नाम पर ₹50,000 की मांग की।
जब नरेश ने यह रकम देने से इनकार कर दिया तो शहजाद ने कथित रूप से उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी और गाली-गलौच भी की। पीड़ित का आरोप है कि उक्त नेता खुद को पुलिस और प्रशासन से जुड़ा बताकर इलाके में दहशत फैलाता है, जिससे आम लोग खामोश रहते हैं। नरेश का यह भी कहना है कि वह खुद भी भाकियू से जुड़े हैं और आम किसानों के हक की बात करते हैं, इसी वजह से उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है।
नरेश कुमार ने डीआईजी से मांग की है कि इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो और दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके और भविष्य में कोई और इस तरह की प्रताड़ना का शिकार न बने।










Discussion about this post