मुज़फ़्फरनगर। मुजफ्फरनगर की बुढ़ाना पुलिस ने मेरठ-करनाल हाईवे पर सठेड़ी नहर पुलिया के पास एक खंडहर में चल रही अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए तीन कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम शाहरुख, जावेद और गुफरान हैं।
पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और गोला-बारूद बरामद किए हैं, जिनमें 2 बंदूकें (315 बोर), 2 बंदूकें (12 बोर), 11 तमंचे (315 बोर), 4 तमंचे (12 बोर), 6 अधबने तमंचे, 15 कारतूस (12 बोर), 10 कारतूस (315 बोर) और हथियार बनाने के उपकरण शामिल हैं।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वे एक संगठित गिरोह के तहत अवैध हथियार बनाते थे और उन्हें ऊंचे दामों पर बेचते थे। यह हथियार गिरोह का एक सदस्य दिपांशु बाहर सप्लाई करता था, जो इस समय फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक ने इस सफलता पर थाना बुढाना पुलिस टीम को ₹20,000 का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है। साथ ही पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।










Discussion about this post