अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी में दो किशोरियों को उनके कुछ परिचितों ने चार पहिया वाहन में अगवा कर लिया। वे उन पर शादी का दबाव बनाने लगे। जब एक लड़की ने इसका विरोध किया तो उन्होंने उसके साथ बलात्कार किया। दूसरी से भी जबरन संबंध बनाने की कोशिश की गई। पुलिस ने अमेठी रेलवे स्टेशन से किशोरियों को बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौथे आरोपी की तलाश जारी है।
मामला गौरीगंज थाना क्षेत्र का है। मंगलवार को यहां के रहने वाले पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। इसमें कहा कि मेहताब हाशमी ने बेटी का अपहरण कर लिया है। उसी दिन एक ग्रामीण ने भी थाने में शिकायत की। बताया कि उसकी बेटी एडमिशन फॉर्म भरने गौरीगंज आई थी। इसके बाद वापस घर नहीं लौटी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामलों की जांच करनी शुरू की।
बुधवार को पुलिस ने अमेठी रेलवे स्टेशन से दोनों किशोरियों को बरामद किया। उनके बयान दर्ज किए। पूछताछ में पता चला कि दोनों किशोरियां आपस में सहेलियां हैं। एक का दोस्त सोहेल, दूसरी का मेहताब है। दोनों युवकों ने उन्हें चार पहिया वाहन से अगवा कर लिया। अमेठी ले जाकर शादी का दबाव बनाने लगे।
विरोध करने पर मेहताब ने एक किशोरी से दुष्कर्म किया। जबकि, सोहेल ने दूसरी से संबंध बनाने की कोशिश की। इसके बाद मेहताब के भाई इरफान और चांद हाशमी ने उन्हें धमकाया। अगले दिन अमेठी रेलवे स्टेशन पर दोनों को छोड़ कर फरार हो गए।
प्रभारी निरीक्षक श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि किशोरियों के बयान और मेडिकल परीक्षण के आधार पर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मेहताब, इरफान, चांद हाशमी को जेल भेजा गया है। चौथे आरोपी सोहेल की तलाश की जा रही है।











Discussion about this post