मुज़फ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने रामपुर तिराहा स्थित संगठन कार्यालय पर एक आपात बैठक का आयोजन किया। बैठक में मंडी क्षेत्र में किसानों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर गहरा आक्रोश जताया गया।
सभा को संबोधित करते हुए संजीव तोमर ने मंडी कोतवाल दिनेश बघेल पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बघेल ने निर्दोष, शांतिपूर्ण और निहत्थे किसानों पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज कराया, जो लोकतंत्र की मूल आत्मा पर हमला है। उन्होंने इस कार्रवाई को “लोकतंत्र की हत्या” करार दिया।
तोमर ने जिला प्रशासन को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 9 जुलाई तक दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित नहीं किया गया, तो संगठन 10 जुलाई को रामपुर चौराहे पर हाईवे जाम करेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस आंदोलन की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से आंदोलन के लिए तैयार रहने का आह्वान करते हुए कहा कि”अगर प्रशासन हमें लाठी या जेल से डराना चाहता है, तो वह भ्रम में है। भाकियू (तोमर) पीछे हटने वाली नहीं है। यह जनपद हमारा है और हम किसानों के हक की लड़ाई अंतिम सांस तक लड़ते रहेंगे।”
तोमर ने आगे कहा कि जिन अधिकारियों में किसानों से सम्मानपूर्वक व्यवहार करने की क्षमता नहीं है, उन्हें वर्दी पहनने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने सरकार से कठोर कार्रवाई की मांग की।
बैठक में संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें जिला अध्यक्ष निखिल चौधरी, पवन त्यागी, अजय त्यागी, चंदन त्यागी, दीपक तोमर, नौशाद मोहम्मद, साजिद, राजीव शर्मा, सुमित उपाध्यक्ष, राजू कश्यप, साऊद, हारुन, हसीर, दीपक कमांडो, राजीव तोमर, रामेश्वर त्यागी सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।











Discussion about this post