मुजफ्फरनगर। नई मंडी के पटेलनगर क्षेत्र में सोमवार को उस समय हंगामा हो गया जब इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने बिना अनुमति के नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप के आवास के सामने सड़क खोद दी। महज कुछ समय पहले बनी सड़क पर पाइपलाइन बिछाने के लिए पांच गड्ढे खोदे गए, जिससे न सिर्फ नगर पालिका परिषद बल्कि भाजपा नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भारी नाराजगी देखी गई।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सभासदपति विकल्प जैन तथा सभासद देवेश कौशिक मौके पर पहुंचे और खुदाई पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने मजदूरों को फटकार लगाते हुए काम रुकवाया और ठेकेदार को बुलाकर गड्ढे तत्काल भरवाए।
पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कंपनी के इस कदम को नगर पालिका की स्वीकृति के बिना किया गया गैरकानूनी कार्य बताते हुए आईजीएल को नाराजगी भरा पत्र भेजा है। उन्होंने निर्माण विभाग के जेई कपिल कुमार को निर्देशित किया कि कंपनी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही बिना अनुमति के क्षतिग्रस्त की गई सड़कों की क्षतिपूर्ति भी कंपनी से वसूली जाए।
नगर क्षेत्र में आईजीएल द्वारा इस प्रकार की मनमानी कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी बिना अनुमति सड़क खुदाई के मामले सामने आते रहे हैं। पालिकाध्यक्ष ने स्पष्ट कर दिया है कि अब ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










Discussion about this post