शामली। जलालाबाद कस्बे के हरी नगर मोहल्ले में रविवार देर रात भीम आर्मी के पूर्व जिला अध्यक्ष रजनीश गौतम की घुड़चढ़ी को दूसरे संप्रदाय के युवकों ने रोकने का प्रयास किया। इसे लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया।
भीम आर्मी के पूर्व जिलाध्यक्ष रजनीश गौतम ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि सोमवार को उसकी बरात सहारनपुर के रामपुर मनिहारान जानी थी। रविवार देर रात करीब 11:30 बजे मोहल्ले में ही घुड़चढ़ी हो रही थी। आरोप है कि इसी बीच दूसरे समुदाय के करीब दस युवकों ने घुड़चढ़ी को रोकने और डीजे को बंद कराने का प्रयास किया।
मना करने पर गालीगलौज की। मामले को लेकर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। सूचना पर पुलिस पहुंची और किसी तरह मामला शांत कराया। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। उधर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना देने की चेतावनी दी है।











Discussion about this post