मेरठ : यूपी सरकार और पुलिस महिला अपराधों पर लगाम लगाने के लाख दावे करे लेकिन शोहदे अपनी हरकतों से बाज आने को तैयार नहीं है। राह चलती महिलाएं-युवतियां हों या फिर पार्क। हर जगह शोहदे उनसे छेड़खानी करते दिख जाते हैं। ऐसा ही एक मामला यूपी के मेरठ से भी सामने आया है। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में एक बुर्का पहने महिला के साथ स्कूटी सवार युवक ने अश्लील हरकत कर डाली। महिला अपने छोट-छोटे बच्चों के साथ गली से निकल रही थी। इसी दौरान सामने से आए स्कूटी सवार ने महिला को किस किया और भाग गया। महिला चिल्लाती रह गई। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसकी फुटेज अब वायरल है। वीडियो 20 मई का बताया जा रहा है।
पूरा मामला लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमदनगर इलाके की बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल में बुर्का पहने एक महिला अपनी बेटी और बेटे के साथ आती दिख रही है। इसी दौरान मोड़ पर एक स्कूटी सवार युवक आता है और महिला के साथ अश्लील हरकत करने लगता है। इतना ही नहीं स्कूटी सवार गलत तरीके से महिला को छूने का भी प्रयास करता है। जब तक महिला कुछ समझ पाती वह किस करके भाग जाता है। इसके बाद गुस्साई महिला स्कूटी सवार को गालियां देती है, लेकिन तब तक वह फरार हो चुका होता है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
पुलिस ने महिला से पूछताछ के बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी। आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान करने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है। सोशल मीडिया से भी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि आरोपी की पहचान हो सके।











Discussion about this post