मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने व्यापक स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय पर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार में ऊर्जा एवं वेकल्पिक ऊर्जा विभाग के राज्यमंत्री और जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने अभियान की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी।
प्रभारी मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने ‘घर-घर स्वदेशी, हर घर स्वदेशी’ के संकल्प के साथ स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और जनता को आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करने की रणनीति साझा की। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वदेशी उत्पाद अपनाने के लिए प्रेरित करना और स्थानीय उद्योगों को मजबूती प्रदान करना है।
स्थानीय उत्पादों और लघु उद्योगों पर फोकस-
डॉ. तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ाए हैं, और यह अभियान सिर्फ आर्थिक स्वावलंबन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देने का आंदोलन है। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना, लघु उद्योगों को सशक्त बनाना और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान 3 अक्टूबर से 25 दिसंबर तक पूरे जिलेभर में चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न स्तरों पर कार्यशालाएं, संवाद कार्यक्रम और जनजागरण रैलियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की भावना तभी साकार होगी, जब हर नागरिक देश के उत्पादों को अपनाएगा और स्वदेशी उद्यमों को सहयोग देगा।
अभियान के अंतर्गत युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें रोजगार सृजन, कौशल विकास, नवाचार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष फोकस रहेगा। डॉ. तोमर ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता गाँव-गाँव जाकर लोगों को सरकार की आत्मनिर्भर भारत से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देंगे।
प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह राष्ट्र निर्माण की दिशा में जनभागीदारी का संकल्प है, जिसे भाजपा जिले के हर नागरिक तक पहुंचाने का कार्य करेगी। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, पूर्व विधायक अशोक कंसल, मीडिया प्रभारी पवन अरोरा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।










Discussion about this post