मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार में जल शक्ति कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह रविवार को मुजफ्फरनगर के शेरनगर गांव में सिद्ध पीठ मंदिर पहुंचे। उन्होंने वहां हवन-पूजन कर विशाल भोज का शुभारंभ किया। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कई राजनीतिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त किए।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि “यहां कन्हैया जी महाराज का भंडारा है, जिसमें शामिल होकर हवन-पूजन किया गया। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में लोग तिलक लगाकर ऑफिस जाने से डरते थे। कावड़ यात्रा, पूजन, बारात जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों पर प्रतिबंध जैसा माहौल था। लेकिन आज योगी सरकार के नेतृत्व में कावड़ यात्रा हो, दीपावली हो, या राम बारात—सरकारी हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा होती है।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मविश्वास प्राप्त किया है। “पहले देश में आतंकवाद की घटनाएं आम थीं, लेकिन आज श्रीनगर से लेकर लंदन तक भारत माता की जय के नारे लगते हैं। यह सब मोदी जी के कारण संभव हो पाया है। अब देश में सनातन धर्म का शासन है और इसे कोई झुका नहीं सकता।”
पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा, “सपा सरकार में दंगे, फसाद, लूट और गुंडागर्दी चरम पर थी। 24 घंटे बिजली नहीं मिलती थी और केवल 5 जिले वीआईपी माने जाते थे। बेटियां शाम 5 बजे के बाद घर से निकलने में डरती थीं, लेकिन आज वे रात 12 बजे भी सुरक्षित बाहर जा सकती हैं।”
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जातिवाद, क्षेत्रवाद और परिवारवाद को समाप्त कर राष्ट्रवाद और विकास को प्राथमिकता दी है। “प्रदेश में 7–8 लाख नौकरियां दी गई हैं, बिना जाति-धर्म देखे। यही फर्क है भाजपा और सपा की सरकारों में।”










Discussion about this post