मुजफ्फरनगर। शेयर बाजार में मोटा मुनाफा होना बताते हुए महिला साइबर ठग ने भट्ठा मालिक को अपने जाल में फंसा लिया और उससे 16 लाख से ज्यादा रुपये ठग लिए गए। पीड़ित ने साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। फुगाना थाना क्षेत्र निवासी भट्ठा मालिक हर्ष वर्धन सिंह के पास साइबर ठगों ने फोन कर शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा होना बताते हुए उन्हें अपने जाल में फंसा लिया। फोन करने वाली महिला ने अपना नाम रमा सेठ बताया था। उसने अपने जाल में फंसा कर भट्ठा मालिक को वीआइपी सिटी ऑफ वेल्थ नामक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ लिया। इस ग्रुप में जुड़े लोगों को निवेश के नाम पर टिप्स भी दी जाती थीं।
साइबर ठग महिला ने उन्हें शेयर बाजार में पैसा निवेश करने को कहा। महिला ठग ने ग्रुप में जुड़े एकाउंट स्पेशलिस्ट से संपर्क करने के लिए कहा, जिसका नाम अरमान गाइनका बताया गया। उससे संपर्क किया तो उसने उनकी भट्ठा फर्म के बारे में जानकारी ली। उसने अपने खाता नंबर बताए। इसके बाद पीड़ित से 27 व 28 दिसंबर 2024 को विभिन्न खातों में 10 लाख 95 हजार रुपये की रकम जमा कराई।
ठगों ने उन्हें विभिन्न शेयरों में निवेश करने पर 26 लाख 37 हजार 100 रुपये का लाभ होना दिखाया। उन्होंने इस लाभ को निकालने के लिए कहा तो उसने अलग से 20 प्रतिशत रकम जमा करने के लिए कहा गया। पीड़ित ने 5 लाख 25 हजार 822 रुपये भी उनके बताये खातों में जमा कर दिये। इसके बाद भी उनका मुनाफा व मूल रकम वापस नहीं की। तब पीड़ित को अपने साथ ठगी का पता चला। पीड़ित ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद भी पीड़ित अपना पैसा वापस लेने के लिए ठगों से संपर्क करता रहा, लेकिन सफलता नहीं मिली।
अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करें










Discussion about this post