बागपत। में दिल्ली-देहरादून इकॉनमिक कॉरिडोर पर लोनी पुस्ता के समीप बाइकों की भिड़ंत में गोल्डन गेट इंटरनेशनल स्कूल के शिक्षक सुबोध (36) निवासी बंदपुर समेत लोनी के रोहित शर्मा (31) की मौत हो गई। सुबोध के साथी शिक्षक संजीव निवासी खेकड़ा घायल हो गए। घायल का निजी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।
बंदपुर निवासी शिक्षक सुबोध कुमार बागपत के गोल्डन गेट इंटरनेशनल स्कूल में फिजिकल एजुकेशन के शिक्षक थे और दिल्ली में भी पढ़ाने जाते थे। बुधवार शाम सुबोध कुमार अपने साथी संजीव निवासी खेकड़ा के साथ बाइक पर दिल्ली-देहरादून इकाॅनमिक कॉरिडोर से गांव वापस लौट रहे थे।
इस बीच लोनी पुस्ता के समीप कॉरिडोर पर लोनी के खन्ना नगर के रोहित व उनकी बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में सुबोध कुमार और लोनी के रोहित की मौत हो गई, जबकि संजीव कुमार घायल हो गए। परिजनों ने बताया कि सुबोध कुमार दो भाइयों में बड़े थे।
उनके छोटे भाई पीलीभीत में शिक्षक हैं और वहीं पर रहते हैं। सुबोध के परिवार में पत्नी, एक बेटा और बेटी रह गए हैं। उधर, खेकड़ा पुलिस का कहना है कि घटनास्थल गाजियाबाद जिले का है, वहां की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपा। वहां की पुलिस इसमें कार्रवाई कर रही है।
दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर रील बनाने के चक्कर में बाइकों से स्टंटबाजी चल रही है, लेकिन पुलिस को इसका पता नहीं। बुधवार शाम कॉरिडोर पर बाइक पर स्टंटबाजी कर रहे युवक की दूसरा युवक वीडियो बना रहा था, जो 30 सेकंड की है। वीडियो में शिक्षक सुबोध कुमार और स्टंटबाजी करने वाले युवक की बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत होती साफ नजर आ रही है।
दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण भले ही पूरा हो गया हो, लेकिन वाहनों के आवागमन के लिए कॉरिडोर अभी बंद है और उसका शुभारंभ भी नहीं कराया गया। इसके बावजूद कॉरिडोर पर कुछ युवक वाहन लेकर रील बनाने के लिए स्टंटबाजी भी करते हैं और इससे वहां हादसे का डर रहता है।
एसपी सूरज कुमार राय ने इस पर सख्ती दिखाई और खेकड़ा पुलिस को वाहनों का आवागमन बंद करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए कॉरिडोर पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।











Discussion about this post