उत्तराखंड। विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के हरबर्टपुर में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। एक बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने नशे के लिए पैसे मांगे थे, लेकिन मां के इनकार करने पर उसने पाठल से वार कर उनकी जान ले ली। हत्या के बाद आरोपी ने वारदात को छिपाने के लिए घर में आग लगा दी।
3 अगस्त को हरबर्टपुर पुलिस को सूचना मिली कि रामबाग क्षेत्र में एक घर में आग लग गई है। मौके पर पहुंची पुलिस को घर के अंदर एक वृद्ध महिला का शव जली हुई अवस्था में मिला। मृतका की पहचान घर के मालिक संजय सिंह राणा ने अपनी पत्नी सुरेशो देवी उर्फ वंदना राणा के रूप में की। शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचायतनामा कर कार्रवाई शुरू की और मामले की गहन जांच में जुट गई।
घटना के अगले दिन मृतका के पति संजय सिंह राणा ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनका बेटा मनमोहन सिंह, जो नशे का आदी है, वारदात के बाद से फरार है। पिता ने शक जाहिर किया कि उनके बेटे ने ही मां की हत्या की और कमरे में आग लगाई। इसी आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
विकासनगर कोतवाल विनोद सिंह गुसांई ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। सर्विलांस के जरिए आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया गया। आखिरकार बुधवार देर रात पुलिस ने आरोपी मनमोहन सिंह को कुल्हाल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घर से चोरी किए गए 30 हजार रुपये और अन्य सामान भी बरामद हुआ।
चौकी प्रभारी हरबर्टपुर सनोज कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह नशे का आदी है और पहले भी नशा तस्करी तथा आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। घटना वाले दिन उसने अपनी मां से नशे के लिए पैसे मांगे थे, लेकिन मां के मना करने और घर से बाहर न जाने देने पर वह गुस्से में आ गया। उसने गुस्से में पाठल से मां की गर्दन पर वार कर उनकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को गद्दे में लपेटकर कमरे में आग लगा दी, ताकि लगे कि महिला की मौत आग से हुई है। इसके बाद उसने घर की अलमारी से 30 हजार रुपये निकाले और कपड़े लेकर अपनी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और हत्या में इस्तेमाल किया गया पाठल भी बरामद कर लिया गया।











Discussion about this post