मेरठ। मेरठ में तैनात रहे सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार दीक्षित को राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें 26 जनवरी 2026 को मिलेगा।
वर्ष 2020 के 25 जनवरी को टीपीनगर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान एक लाख रुपये के इनामी बदमाश चांद उर्फ काला के साथ सब इंस्पेक्टर मनोज दीक्षित ने बहादुरी से मुकाबला किया था, जिसमें उन्हें पेट में गोली भी लगी थी।
यह मुठभेड़ तत्कालीन एसएसपी अजय साहनी के नेतृत्व में हुई थी। इस ऑपरेशन में टीपीनगर के तत्कालीन थाना अध्यक्ष दिनेश बघेल और एसआई मनोज कुमार दीक्षित भी शामिल थे। मुठभेड़ में एक लाख के इनामी बदमाश को ढेर किया गया था।
एडीजी की ओर से एसएसपी अजय साहनी, थानाध्यक्ष दिनेश बघेल और एसओजी में तैनात सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार दीक्षित को सराहनीय कार्य के लिए राष्ट्रपति वीरता पदक देने की सिफारिश की गई थी, जिसे अब स्वीकार कर सम्मान देने की घोषणा की गई है।
वर्तमान में अजय साहनी बरेली जोन के डीआईजी, दिनेश बघेल मुजफ्फरनगर मंडी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक और मनोज दीक्षित बुलंदशहर के थाना सलेमपुर की चौकी चिट्टा के प्रभारी थे। हाल ही में मनोज दीक्षित का आगरा कमिश्नरेट में तबादला हुआ है।
मनोज कुमार दीक्षित मूलतः मुजफ्फरनगर जिले के तितावी थाना क्षेत्र के खेड़ी दूधाहेड़ी के निवासी हैं। वे पल्लवपुरम फेस-1 में अपनी पत्नी श्रद्धा, बेटी अदिति और बेटे आदित्य के साथ रह रहे हैं। मनोज दीक्षित को राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार मिलने की घोषणा से उनके परिवार में खुशी की लहर है।











Discussion about this post