मुजफ्फरनगर। जनपद के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। बुधवार शाम नावला कट के समीप एक अनियंत्रित कैंटर ने बाइक सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है।
हादसे का विवरण-
जानकारी के अनुसार, मंसूरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जड़ौदा निवासी सोनू (42 वर्ष), पुत्र ताराचंद, बुधवार शाम अपनी पत्नी ममतेश के साथ बाइक पर सवार होकर किसी काम से खतौली की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही उनकी बाइक हाईवे पर स्थित नावला कट के पास पहुँची, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस की कार्रवाई-
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और घायलों को तुरंत उपचार के लिए बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया, जबकि ममतेश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उनका उपचार गहन चिकित्सा कक्ष (ICU) में जारी है।
फरार चालक की तलाश-
हादसे को अंजाम देने के बाद कैंटर चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने सोनू के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस फरार कैंटर चालक की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद ले रही है।










Discussion about this post