नई दिल्ली। दिल्ली में हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ी जीत मिलने के बाद पार्टी ने शालीमार बाग से विजयी उम्मीदवार रेखा गुप्ता को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री घोषित कर दिया है। भरोसेमंद सूत्रों के अनुसार रेखा गुप्ता के नाम पर भाजपा आलाकमान ने मुहर लगा दी है, जिससे दिल्ली को एक बार फिर महिला मुख्यमंत्री मिलने जा रही है।
रेखा गुप्ता 50 वर्षीय अनुभवी नेता हैं, जिन्होंने राजनीति में लंबा सफर तय किया है। वह दिल्ली भाजपा की महासचिव और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। इसके अलावा, वह दक्षिण दिल्ली नगर निगम की मेयर के रूप में भी काम कर चुकी हैं। उनकी पहचान एक कर्मठ, जुझारू और लोकप्रिय नेता के रूप में होती है, जो लंबे समय से दिल्ली की राजनीति में सक्रिय हैं। बात रेखा गुप्ता की पढ़ाई की करें तो उन्होंने एलएलबी की पढ़ाई की है. रेखा गुप्ता का जन्म हरियाणा के जींद जिले के जुलाना उपमंडल के नंदगढ़ गांव 1974 में हुआ था।
रेखा गुप्ता जब दो साल की थीं तब उनका परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया. रेखा गुप्ता के पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर थे. 1976 में पूरा परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया..रेखा गुप्ता की पूरी पढ़ाई लिखाई दिल्ली में हुई. इसी दौरान वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ी और राजनीति में सक्रिय हुई. रेखा गुप्ता दिल्ली विश्वविद्यालय की सचिव और प्रधान भी रह चुकी हैं।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला कई कारणों से किया है:
महिला नेतृत्व को बढ़ावा देना: दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के मुद्दे लंबे समय से चर्चा में रहे हैं। भाजपा एक महिला मुख्यमंत्री देकर इस वर्ग को मजबूत संदेश देना चाहती है।
अनुभवी प्रशासक: दक्षिण दिल्ली नगर निगम की मेयर रहते हुए रेखा गुप्ता ने प्रभावी प्रशासन दिया था, जिससे उन्हें एक मजबूत प्रशासक माना जाता है।
पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका: रेखा गुप्ता पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय हैं और भाजपा के प्रति उनकी निष्ठा ने उन्हें इस पद के लिए उपयुक्त उम्मीदवार बनाया।
रेखा गुप्ता के नाम की घोषणा होते ही दिल्ली भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल बन गया। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया और मिठाइयां बांटी। समर्थकों ने रेखा गुप्ता को बधाई दी और उन्हें दिल्ली में बदलाव लाने के लिए शुभकामनाएं दीं।











Discussion about this post