मुजफ्फरनगर। नगर की बदहाल व्यवस्था, गंदगी, बंद स्ट्रीट लाइट और अवैध होर्डिंगों की भरमार को लेकर क्रांतिसेना के कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। सोमवार को संगठन के पदाधिकारियों ने नगर पालिका परिषद में पहुंचकर अधिशासी अधिकारी (EO) प्रज्ञा सिंह से मुलाकात की और शहर की खस्ताहाल स्थिति पर नाराजगी जाहिर की।
पदाधिकारियों ने पालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए एक चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो पालिका कार्यालय का अनिश्चितकालीन घेराव किया जाएगा।
गंदगी और नालों की सफाई पर सवाल-
क्रांतिसेना के पदाधिकारियों ने कहा कि पालिका के पास हर वर्ष करोड़ों रुपये का बजट होता है, इसके बावजूद नगर के नाले और नालियों की सफाई नहीं हो रही।
सड़कों पर जगह-जगह कूड़ा जमा है, जिससे लोगों को दुर्गंध और संक्रमण की समस्या झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि कूड़ा उठाने के लिए खरीदे गए महंगे वाहन सिर्फ प्रदर्शन के लिए खड़े हैं, जबकि पुराने और खटारा वाहन अब भी गलियों में चलते हैं, जो सड़कों पर गंदगी फैलाते हैं।
बंद स्ट्रीट लाइटों से अंधेरा और दुर्घटनाओं का खतरा-
क्रांतिसेना ने मुख्य मार्गों और चौराहों पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया।
संगठन पदाधिकारियों का कहना था कि शाम होते ही शहर के अधिकांश क्षेत्र अंधेरे में डूब जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं और अपराध की आशंका बनी रहती है।
अवैध होर्डिंगों पर नाराजगी-
नेताओं ने शहर में अवैध होर्डिंगों की बढ़ती संख्या को लेकर भी नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि पालिका प्रशासन की लापरवाही के चलते सैकड़ों अवैध होर्डिंग सड़कों, चौराहों और यहां तक कि जर्जर इमारतों पर भी लगे हुए हैं।
ऐसे होर्डिंग कभी भी गिरकर किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
पालिका पर अवैध बिक्री के आरोप-
क्रांतिसेना ने पालिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब्त किए गए होर्डिंग और खटारा वाहनों का स्क्रैप बिना किसी पूर्व सूचना के अवैध रूप से बेचा जा रहा है।
संगठन ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में- जिला उपाध्यक्ष संजीव वर्मा, महानगर उपाध्यक्ष उज्जवल पंडित, महानगर महासचिव ललित रुहेला, भुवन मिश्रा, शैलेन्द्र विश्वकर्मा, चेतनदेव आर्य, निकुंज चौहान, गौरव शर्मा, मनोज चौधरी, राजेंद्र तायल, अमन कुमार, शिवम कुमार और तुषार आदि शामिल रहे।
क्रांतिसेना की चेतावनी-
संगठन ने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर नगर की सफाई, स्ट्रीट लाइट, और अवैध होर्डिंगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई,
तो वे पालिका कार्यालय का अनिश्चितकालीन घेराव करेंगे।










Discussion about this post