मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के रिठानी गांव में एक मकान में रह रहे मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला, जबकि चारों तरफ दुर्गंध फैली हुई थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान 38 वर्षीय प्रेम के रूप में हुई, जो मोहकमपुर स्थित एक पंप फैक्ट्री में काम करता था। वह कुछ समय से रिठानी गांव में किराए पर रह रहा था। पुलिस के मुताबिक प्रेम शराब पीने का आदी था।
बताया जा रहा है कि प्रेम के बराबर के कमरे में रहने वाले एक अन्य किराएदार ने जब दुर्गंध महसूस की तो मकान मालिक को सूचना दी। मकान मालिक ने दरवाजा खोला तो प्रेम का शव चारपाई पर पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि दीवार पर लगे बिजली के बोर्ड को छूने के दौरान प्रेम को करंट लगा और वह चारपाई पर गिर गया। चारपाई में करंट उतर जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post