बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में यमुना किनारे मवीकलां इलाके के पास रविवार रात एसटीएफ और पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश संदीप लोहार मारा गया। हरियाणा के रोहतक जिले के भैणी महाराज गांव का रहने वाला यह बदमाश हाईवे पर ट्रक चालकों की हत्या कर लूटपाट करता था।
संदीप ने 15 मई की रात कानपुर के पनकी इलाके में चार करोड़ रुपये की निकिल प्लेट से भरे ट्रक को लूट लिया था। तभी से वह फरार चल रहा था और उसपर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस को रविवार को बागपत के मवीकलां इलाके में संदीप की मौजूदगी की सूचना मिली।
एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि STF और पुलिस टीम यमुना पुश्ते पर पहुंची, जहां बदमाश संदीप से मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में संदीप को पैर और छाती में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल से पिस्टल, बाइक और कारतूस बरामद किए गए।
संदीप के खिलाफ हरियाणा और यूपी में कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चार हत्या के हैं। वह ट्रक चालकों की हत्या करके लूट करता था और विरोध करने पर बेरहमी से जान ले लेता था, जिसके चलते पुलिस उसे ‘साइको किलर’ कहती थी।











Discussion about this post