मुज़फ्फरनगर। सावन माह में कांवड़ यात्रा से पहले भगवान शिव के भक्तों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका परिषद की चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रही हैं। गुरुवार को उन्होंने बझेड़ी अंडरपास तक कांवड़ मार्ग का औचक निरीक्षण किया और मार्ग पर निर्माणाधीन सीसी नाले को 10 जुलाई से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। यह नाला करीब 39 लाख रुपये की लागत से 380 मीटर तक बनाया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मीनाक्षी स्वरूप ने जलभराव वाले क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क पर रेत डाले जाने पर गहरी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने मौके पर मौजूद ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह से जानकारी ली और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा। चेयरपर्सन ने साफ किया कि कांवड़ यात्रा से पहले सड़क, पथ प्रकाश, गड्ढा मरम्मत और नाला निर्माण जैसे कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे हों।
मीनाक्षी स्वरूप ने शिव चौक पहुंचकर भगवान शिव की पूजा अर्चना के बाद सभासदों और भाजपा नेताओं के साथ पूरे मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डिवाइडर पर लगे पेड़-पौधों की छंटाई तत्काल कराने के निर्देश दिए और स्थानीय लोगों से संवाद कर समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने साफ कहा कि शिवभक्त अतिथि हैं और नगरपालिका ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा के तहत उनका स्वागत करने के लिए तैयार है।
चेयरपर्सन ने बताया कि बझेड़ी अंडरपास से शहर की ओर सड़क के दोनों ओर सीसी नाला बनाया जा रहा है, जो जलभराव की समस्या को खत्म करेगा। 15वें वित्त आयोग की योजना के तहत करीब 39 लाख रुपये से एक साइड का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, जो कांवड़ यात्रा से पहले पूरा हो जाएगा।
निरीक्षण में भाजपा नई मंडी मंडल अध्यक्ष प्रवीण खेड़ा, पूर्व सभासद विकल्प जैन, सभासद राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, कुसुमलता पाल, नवनीत गुप्ता, प्रशांत गौतम, योगेश मित्तल, देवेश कौशिक, अर्जुन प्रजापति, अनुज कुमार, अमित पाल, अमित पटपटिया, हिमांशु कौशिक, पवन अरोड़ा, दिनेश पुंडीर, आदेश गौतम, शोभित गुप्ता, कपिल पाल, प्रमोद कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे। साथ ही ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह, जेई कपिल कुमार, राजीव सोनकर व जितेन्द्र कुमार सहित पालिका कर्मचारी भी मौजूद रहे।










Discussion about this post