मुज़फ़्फ़रनगर। शुक्रवार सुबह मुजफ्फरनगर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब तीन नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े भूसा कारोबारी से 11.50 लाख रुपये लूट लिए। यह वारदात न्यू बिंदल पेपर मिल के सामने उस समय हुई, जब कारोबारी अपनी रोजमर्रा की डीलिंग के लिए मौके पर पहुंचा था।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव इस्सोपुर निवासी उज्ज्वल, जो भूसा और खोई का व्यापार करता है, अपने फूफा और बिजनेस पार्टनर प्रवीण (निवासी मखियाली) और साथी सद्दाम (निवासी भंडूरा) के साथ सुबह करीब 8:30 बजे न्यू बिंदल पेपर मिल पहुंचे थे। उज्ज्वल 11.50 लाख रुपये से भरे बैग के साथ बाहर बैठा था, जबकि प्रवीण और सद्दाम फैक्ट्री के अंदर चले गए।
इसी दौरान बुलेट सवार तीन नकाबपोश बदमाश मौके पर पहुंचे। एक बदमाश बुलेट स्टार्ट किए खड़ा रहा, जबकि दो अन्य ने उज्ज्वल से रुपयों का बैग छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल निकालकर हवा में फायरिंग कर दी, जिससे डर के चलते उज्ज्वल की पकड़ ढीली पड़ गई और बदमाश बैग लेकर फरार हो गए।
लूट की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। प्रवीण और सद्दाम भी बाहर आ गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। डायल 112 की टीम सबसे पहले मौके पर पहुंची, जिसके बाद नई मंडी कोतवाली पुलिस, क्राइम ब्रांच, सीओ नई मंडी और एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत भी घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण कर उज्ज्वल से पूरी जानकारी ली। उज्ज्वल ने बताया कि बैग में 11.50 लाख रुपये थे, जो पेपर मिल को भूसा सप्लाई करने के व्यापार के लिए लाए गए थे। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और लुटेरों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामला गंभीर है और इसमें हर एंगल से जांच की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अगर किसी ने घटना के समय आसपास संदिग्ध गतिविधियां देखी हों या बुलेट सवार बदमाशों को भागते हुए देखा हो, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।











Discussion about this post