मुज़फ्फरनगर। नगर पालिका परिषद के खिलाफ राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी महासंघ का आंदोलन गुरुवार को और तेज हो गया। टाउन हॉल परिसर में पिछले चार दिनों से चल रहा धरना अब अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल में तब्दील हो गया है। संगठन के जिला अध्यक्ष चमन लाल धींगान समेत कई सफाई नायक और कर्मचारी हड़ताल पर चले गए।
हालांकि कुछ ही घंटों बाद सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर मौके पर पहुंचे और जूस पिलाकर हड़ताल समाप्त कराई। मजिस्ट्रेट ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी 17 सूत्रीय मांगों पर शीघ्र विचार किया जाएगा।
धरनास्थल पर कर्मचारियों ने कहा कि जब तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। महासंघ के अध्यक्ष चमन लाल ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को पालिका प्रशासन बंधुआ मजदूर समझता है। महीनों से वेतन नहीं दिया जा रहा, और बिना कारण नौकरी से हटाया जा रहा है।
सफाईकर्मियों की प्रमुख मांगों में ठेका प्रथा समाप्त कर नियमित नियुक्ति, समय से वेतन भुगतान, बीमा और सामाजिक सुरक्षा लाभ, वर्दी और उपकरणों की व्यवस्था, कार्य समय का निर्धारण, महिला सफाई कर्मियों की सुरक्षा, आवास व पेयजल सुविधा, पदोन्नति और पेंशन नीति शामिल हैं।
महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो पूरे शहर में सफाई व्यवस्था ठप कर दी जाएगी। आंदोलन स्थल पर 50 से अधिक कर्मचारी और समाजजन मौजूद रहे।










Discussion about this post