लखनऊ। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में पिछले दो दिन से मानसून फिर सक्रिय हुआ है। इसका असर राज्य के तराई और दक्षिणी इलाकों में अधिक दिख रहा है। इन क्षेत्रों में कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश हो रही है। राजधानी में सुबह से रिमझिम बरसात ने उमस से बड़ी राहत दी है। दिन के पारे में चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार से पूरे प्रदेश में मानसून फिर कमजोर होगा। अगले चार से पांच दिन छिटपुट बारिश के आसार हैं। सोमवार को प्रदेश के पूर्वी और तराई के लगभग 30 जिलों में अच्छी बरसात हुई है। अगले दो दिन पूर्वी और पश्चिमी यूपी के करीब 15 जिलों में मध्यम से भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे एक और वेदर सिस्टम का असर सितंबर पहले सप्ताह में दिखेगा। एक से 10 सितंबर तक प्रदेशभर में अच्छी वर्षा की संभावना है। सोमवार को बांदा में सर्वाधिक 114.2 मिमी बारिश हुई। फतेहपुर में 101.6 मिमी, चित्रकूट में 90 मिमी, प्रयागराज में 78.4 मिमी और लखनऊ में 72 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई।
आज और कल यहां होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार और बुधवार को कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, हरदोई, फर्रूखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, संभल, मेरठ और बदायूं में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।











Discussion about this post