मुज़फ्फरनगर। स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बुढ़ाना कस्बे के तीन निजी अस्पतालों – भारत हॉस्पिटल, लाइफ केयर हॉस्पिटल और फैमिली हॉस्पिटल को सील कर दिया। यह कार्रवाई सहारनपुर मंडल की अपर निदेशक डॉ. कुमुद के औचक निरीक्षण और रिपोर्ट के आधार पर की गई।
डॉ. कुमुद ने बुधवार को क्षेत्र के अस्पतालों का निरीक्षण किया था, जिसमें कई संस्थानों में साफ-सफाई की भारी कमी, जरूरी संसाधनों का अभाव और मानकों का उल्लंघन पाया गया। रिपोर्ट तैयार कर उन्होंने इसे जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को भेजा, जिसके बाद गुरुवार को कार्रवाई की गई।
सीएचसी चिकित्सा प्रभारी डॉ. अर्जुन सिंह ने बताया कि इन अस्पतालों में स्वास्थ्य मानकों और नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था, जिस कारण इन्हें सील करना पड़ा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अन्य अस्पताल भी निर्धारित मानकों का उल्लंघन करते पाए गए, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।स्वास्थ्य विभाग की इस सख्ती को आम जनता ने सराहा है। लोग चाहते हैं कि सभी अस्पतालों में इलाज की बेहतर सुविधा हो और मरीज़ों की सुरक्षा से कोई समझौता न किया जाए।










Discussion about this post