मुजफ्फरनगर। शहर के अंसारी रोड पर गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जब स्कूल जा रहे दो छात्रों की इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्कूटर सवार दोनों भाइयों ने समय रहते बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक हीरो विडा इलेक्ट्रिक स्कूटर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की है। शाहबुद्दीनपुर रोड निवासी सैयद जुबेर के दोनों बेटे उमेर (कक्षा 11) और उमरेश, जानसठ रोड स्थित देहरादून पब्लिक स्कूल में पढ़ते हैं। गुरुवार की सुबह लगभग 7:30 बजे, दोनों रोजाना की तरह हीरो विडा इलेक्ट्रिक स्कूटी से स्कूल जा रहे थे। जैसे ही वे अंसारी रोड पहुंचे, स्कूटी से अचानक धुंआ उठने लगा।
घबराकर दोनों छात्र स्कूटी से कूद गए। इसी बीच स्कूटी में जोरदार धमाके के साथ आग लग गई और कुछ ही पलों में वाहन धू-धूकर जलने लगा। राहगीरों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी, जिस पर फायर ब्रिगेड की एक टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
छात्र उमेर ने बताया कि उनके पिता ने महज तीन महीने पहले मेरठ रोड स्थित हीरो के शोरूम से यह इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी, ताकि वे स्कूल आसानी से जा सकें। उन्होंने बताया कि स्कूटी में किसी प्रकार की तकनीकी खराबी का कोई संकेत नहीं था।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग जमा हो गए और स्कूटी में लगी आग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बाद में छात्रों के परिजन भी मौके पर पहुंचे और जली हुई स्कूटी के अवशेष उठाकर घर ले गए।पिता सैयद जुबेर ने बताया कि स्कूटी का बीमा कराया गया था और अब वे बीमा कंपनी से क्लेम करने की प्रक्रिया शुरू करेंगे। घटना से परिवार सकते में है और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त कर रहा है।










Discussion about this post