मुज़फ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र की पुलिस ने सोमवार को अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 14 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में हथियार, नकदी और वाहन बरामद किए हैं। यह गिरोह पंचायत चुनाव के दौरान हथियारों की सप्लाई करने की तैयारी में था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने एसपी देहात आदित्य बंसल के साथ प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि भोपा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नन्हेड़ी पुलिया के पास हथियारों की सप्लाई की तैयारी की जा रही है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से 14 तस्करों को दबोच लिया।
गिरफ्तार तस्करों के पास से 6 पिस्टल, 1 रिवॉल्वर, 5 तमंचे, 1 मस्कट, ₹46,000 नकद, एक थार गाड़ी और तीन मोटरसाइकिल बरामद की गईं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये गिरोह मुंगेर और अन्य स्थानों से अवैध हथियार मंगवाकर उन्हें बेचता था। पिछले एक वर्ष में करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में फिरोज अंसारी उर्फ बंटी (पटौली), आशु उर्फ विक्रांत (रहमतपुर), अमरीश कुमार, हार्दिक कुमार, अक्षय कुमार (भोकरहेड़ी), अमन (बहुपुरा), मोहित कुमार (नई मंडी), रहीसूद्दीन उर्फ भूरा (बेलड़ा), गुरूमन सिंह (जौली), सलमान (भोपा), संजीव कुमार (मुनीम कॉलोनी), हर्ष कश्यप (रामनगर, रुड़की) और मोनू उर्फ हिमांशु (छछरौली) शामिल हैं।
एसएसपी वर्मा ने बताया कि गिरोह का सरगना फिरोज अंसारी है, जो अपने साथियों के साथ मिलकर हथियारों की एडवांस बुकिंग करता था और फिर अलग-अलग जगहों पर डिलीवरी देता था। पंचायत चुनाव को ध्यान में रखते हुए इस बार बड़ी मात्रा में हथियारों की डील की जा रही थी।
इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी ने थानाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह और उनकी टीम को ₹25,000 का नकद इनाम देने की घोषणा की। इसके साथ ही उपनिरीक्षक सुमित चौधरी, गोपाल सिंह, हेड कांस्टेबल रोहताश कुमार, कांस्टेबल अलीम और प्रवीन कुमार को भी नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है ताकि हथियारों की आपूर्ति श्रृंखला को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके। मुज़फ्फरनगर पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में पंचायत चुनाव से पहले सुरक्षा व्यवस्था को बल मिला है।










Discussion about this post