शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में चोरों के हौसले बुलंद हैं। चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बलवा का है, जहां देर रात बेखौफ चोरों ने एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि गांव बलवा में अज्ञात चोरों ने सबसे पहले रकम सिंह के घर को निशाना बनाया। चोरों ने सीढ़ियों पर लगी सीमेंट की चादर हटाकर छत के रास्ते घर में प्रवेश किया। परिवार के सदस्यों के सोए होने का फायदा उठाकर चोरों ने करीब 20 हजार रुपए की नकदी और लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। इसके बाद चोर एक बक्सा भी उठा ले गए, जिसे बाद में खेत में फेंक दिया।
चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने गांव के ही करण सिंह के मकान पर धावा बोला। यहां भी चोरों ने लाखों रुपए के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। ग्रामीणों के मुताबिक, चोरों की संख्या करीब पांच से छह थी और उनके हाथों में हथियार भी थे। चोरों ने ग्राम प्रधान सहित अन्य ग्रामीणों के घरों में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन शोर शराबा होने के बाद गांववाले जाग गए, जिससे चोर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ितों से जानकारी जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि बीते एक सप्ताह में शामली जिले में चोरी की घटनाओं में बड़ा इजाफा देखा गया है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।











Discussion about this post