मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के जानसठ रोड स्थित मरहबा किसान ढाबे पर शाकाहारी भोजन की आड़ में मांसाहारी भोजन परोसने का मामला सामने आया है। ढाबे के बाहर लगे बैनर पर सिर्फ शाकाहारी भोजन की तस्वीरें थीं। लेकिन अंदर वेज और नॉनवेज दोनों तरह का खाना बनाया जा रहा था।
राष्ट्रीय हनुमान दल के जिला अध्यक्ष अभिनव वर्मा को इस बारे में सूचना मिली। जांच में पता चला कि ढाबे में शाकाहारी और मांसाहारी दोनों खाद्य पदार्थों को एक ही कढ़ाई और फ्रिज में रखा जा रहा था। इस ढाबे का संचालन एक मुस्लिम व्यक्ति कर रहा था।
सूचना मिलते ही अभिनव वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने होटल संचालक से स्पष्टीकरण मांगा। कार्यकर्ताओं ने भ्रामक बैनर को हटाने और सही जानकारी वाला बैनर लगाने की मांग की। उनका कहना था कि इससे शाकाहारी लोगों के साथ धोखा हो रहा है।
थाना सिखेड़ा के प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने होटल संचालक को बैनर हटाने का निर्देश दिया। पुलिस ने आदेश दिया कि जब तक बैनर में भोजन की प्रकृति स्पष्ट नहीं की जाएगी, तब तक होटल बंद रहेगा। फिलहाल ढाबे को बंद कर दिया गया है।










Discussion about this post