मेरठ। टिकोला शुगर मिल से गन्ना डालकर वापस लौट रहे किसानों के साथ शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रामराज सर्विस रोड पर एक अज्ञात वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली गहरे खेत में पलट गई। इस हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसे में मोडकला निवासी किसान की मौत-
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेरठ के थाना हस्तिनापुर क्षेत्र के ग्राम मोडकला निवासी किसान बहादुर (40) अपने साथियों के साथ टिकोला शुगर मिल में गन्ना डालने आए थे। शनिवार की देर रात जब वे वापस घर लौट रहे थे, तभी रामराज सर्विस रोड पर स्थित एक बैंक्वेट हॉल के पास सामने से आ रहे वाहन को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सीधे खेत में जा गिरा। भारी-भरकम ट्रैक्टर के नीचे दबने से बहादुर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
दो घायल मेरठ रेफर-
हादसे के समय ट्रैक्टर पर कृष्ण देशवाल और चालक रितेश भी सवार थे, जो इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही रामराज पुलिस मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत मवाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेरठ के लिए रेफर कर दिया है।
पुलिस की कार्रवाई-
सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अचानक हुए इस हादसे से मोडकला गाँव में शोक की लहर दौड़ गई है।











Discussion about this post