मेरठ। ईद-उल-अजहा पर नमाज अदा करने को लेकर चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए मंगलवार को शाही जामा मस्जिद में बैठक होगी। इसमें तय होगा कि नमाज कौन अदा करेगा और उसका समय क्या होगा। इस विषय पर सोमवार को भी जामा मस्जिद में चर्चा हुई। इसके बाद शहर काजी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल डीएम और एसएसपी से मिला। उन्हें इस बारे में जानकारी दी गई।
दरअसल, ईद-उल-अजहा की नमाज कौन पढ़ाएगा, इसे लेकर विवाद है। इस प्रकरण में दो गुट बन गए हैं। एक गुट ईदगाह कमेटी का है और दूसरा शहर काजी डॉ. सालिकीन सिद्दीकी के समर्थकों का। ईदगाह कमेटी देवबंद से आलिम बुलाना चाहती है, जबकि शहर काजी के समर्थक चाहते हैं कि शहर काजी ही नमाज पढ़ाएं।
इस मामले में ईदगाह कमेटी का कहना है कि शहर काजी आलिम नहीं हैं, इसलिए ईद की नमाज किसी आलिम-ए-दीन को पढ़ानी चाहिए, जबकि शहर काजी का कहना है कि पहले से शहर काजी ही नमाज पढ़ाते आ रहे हैं। इस प्रकरण में डीएम और एसएसपी से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में काजी जैनुल राशिदीन, कारी अनवार, कारी सलमान कासमी, मईनुद्दीन गाजी, हाजी शीराज रहमान, मौलाना जाकिर, आदिल अंसारी, महफूज उर्फ गुड्डू , इकराम इलाही सहित अन्य मौजूद रहे।











Discussion about this post